राधा कृष्ण मंदिर से शिवलिंग का चांदी छत्र चोरी, इलाके में दहशत

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के कोतवाली डालनवाला क्षेत्र के दिलाराम बाजार में  एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जहां भीड़भाड़ के बीच स्थित राधा कृष्ण मंदिर से शिवलिंग पर चढ़ा चांदी का छत्र चोरी हो गया। यह वारदात शुक्रवार शाम करीब पौने पांच बजे हुई, जब बाजार में लोगों की आवाजाही लगातार बनी रहती है।

मंदिर प्रबंधन के अनुसार, घटना की जानकारी सबसे पहले मंदिर के पुजारी राजेंद्र प्रसाद थपलियाल को मिली। इसके बाद तुरंत मंदिर समिति को सूचित किया गया। जब सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई तो उसमें एक अज्ञात व्यक्ति मंदिर के अंदर प्रवेश कर शिवलिंग पर लगा चांदी का छत्र उतारते हुए और उसे कपड़ों में छिपाकर बाहर जाते हुए दिखाई दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मंदिर प्रबंधन ने डालनवाला कोतवाली में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।

हैरानी की बात यह है कि यह वारदात उस इलाके में हुई, जहां सुरक्षा के लिहाज से पुलिस की मौजूदगी हमेशा रहती है। मंदिर से कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का सरकारी आवास लगभग 400 मीटर की दूरी पर है, जबकि राजभवन और मुख्यमंत्री आवास भी करीब एक किलोमीटर के दायरे में स्थित हैं। इसके बावजूद दिनदहाड़े हुई इस चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद इलाके में लगे अन्य कैमरों की भी जांच की जा रही है और आरोपी की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सम्बंधित खबरें