लोहे के पुल पर युवक का शव लटका मिलने से परिजनों में मचा कोहराम

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में रविवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। रायपुर थाना क्षेत्र में मालदेवता से आगे लोहे के पुल पर एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में रस्सी के सहारे लटका मिला। शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया, वहीं घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

सूचना मिलने पर मालदेवता चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और घटनास्थल पर फील्ड यूनिट की टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान पुलिस को मौके पर एक स्कूटी भी खड़ी मिली। पुलिस की जांच में स्कूटी युवक के एक रिश्तेदार की होना सामने आया।

पुलिस ने युवक की पहचान कर ली है। मृतक मूल रूप से देहरादून के रानीपोखरी का रहने वाला था और वर्तमान में बालावाला, देहरादून में रह रहा था। परिजनों ने भी शव की शिनाख्त कर ली है।

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में युवक के शरीर पर चोट या संघर्ष के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है। पंचायतनामा भरने के साथ ही शव का पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।

सम्बंधित खबरें