
उत्तराखंड से रेल यात्रा की योजना बना रहे यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। मथुरा और भूतेश्वर रेलवे स्टेशनों पर चल रहे यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के चलते 9 और 10 अक्टूबर को योगनगरी ऋषिकेश समेत कई स्टेशनों से संचालित ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से प्रभावित रहेगा। यात्रियों की सुविधा और रेल संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए उत्तर रेलवे ने कुछ ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किया है।
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 18478 योगनगरी ऋषिकेश-पुरी को 9 अक्टूबर को मार्ग में 70 मिनट नियंत्रित कर संचालित किया जाएगा। वहीं, गाड़ी संख्या 14318 योगनगरी ऋषिकेश-लक्ष्मीबाई नगर को 10 अक्टूबर को 65 मिनट नियंत्रित किया जाएगा।
इसके अलावा गाड़ी संख्या 12716 अमृतसर-नांदेड के 10 अक्टूबर के फेरे को फिरोजपुर मंडल में अमृतसर-सानेहवाल के बीच 120 मिनट के लिए रेगुलेट किया जाएगा।
रेलवे ने गाड़ी संख्या 18478 योगनगरी ऋषिकेश-पुरी का 9 और 10 अक्टूबर को मार्ग भी परिवर्तित किया है। ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग एमटीसी-जीजेडबी-एनजेडएम-एमटीजे-एजीसी के बजाय एमटीसी-केआरजे-एमटीआई-एजीसी से संचालित होगी।
परिवर्तित मार्ग के कारण इस ट्रेन का गाजियाबाद, हजरत निजामुद्दीन, फरीदाबाद, कोसीकलां, मथुरा और राजा की मंडी जंक्शन स्टेशनों पर ठहराव नहीं होगा।
रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन के संचालन और मार्ग से संबंधित जानकारी की पुष्टि करने की अपील की है। यह जानकारी वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव की ओर से जारी की गई है।











