स्वर्गीय गिरजा शंकर जोशी को दी श्रद्धांजलि, मीडिया सेंटर के नामकरण की मांग

हल्द्वानी। हल्द्वानी मीडिया सेंटर में सोमवार को स्वर्गीय जिला सूचना अधिकारी गिरजा शंकर जोशी के निधन पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। पत्रकारों और मीडिया से जुड़े लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पत्रकारों ने सामूहिक रूप से प्रस्ताव पारित करते हुए हल्द्वानी ब्लॉक में निर्माणाधीन नए मीडिया सेंटर का नाम स्वर्गीय गिरजा शंकर जोशी के नाम पर रखने की मांग की।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान पत्रकारों ने कहा कि गिरजा शंकर जोशी का पत्रकारों और मीडिया जगत के साथ हमेशा आत्मीय संबंध रहा। उनके योगदान और पत्रकारों के प्रति सहयोगी व्यवहार को देखते हुए नए मीडिया सेंटर का नाम उनके नाम पर रखा जाना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी फोन के माध्यम से गिरजा शंकर जोशी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मीडिया सेंटर का नाम उनके नाम पर रखने के प्रस्ताव पर चर्चा की जाएगी। साथ ही उन्होंने दिवंगत के परिवार को हरसंभव सहयोग देने की बात कही।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी मंजूनाथ टीसी, एडीएम विवेक राय, एसडीएम रेखा कोहली, मीडिया सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सम्बंधित खबरें