
उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने 27 जून तक का मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए राज्य के अधिकांश पर्वतीय जिलों में बारिश की संभावना जताई है। वहीं, मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में इस अवधि के दौरान मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार 22 जून से 27 जून तक राज्य के 11 पर्वतीय जिलों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। सोमवार और मंगलवार के लिए कई जिलों में येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
सोमवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। जबकि टिहरी, पौड़ी, देहरादून, अल्मोड़ा और चंपावत में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में मौसम साफ रहने की संभावना है।
मंगलवार को भी उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ बादलों की गर्जना देखने को मिल सकती है। मैदानी जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
24 जून को राज्य के सभी पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में इस दिन भी बारिश की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग के अनुसार 25 से 27 जून तक भी मौसम का यही रुख बना रहेगा। पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है, जबकि मैदानी जिलों में मौसम सामान्य और शुष्क बना रहेगा।









