अतिक्रमण हटाने की तैयारी के बीच बवाल! PWD टीम से मारपीट, सरकारी दस्तावेज छीनने का आरोप

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के कनखल क्षेत्र में कुंभ मेले की तैयारियों के बीच अतिक्रमण चिन्हीकरण करने पहुंची लोक निर्माण विभाग की टीम के साथ विवाद हो गया। इंदिरा बस्ती में टीम की कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने विरोध किया। विभागीय अधिकारियों ने कुछ लोगों पर कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करने का आरोप लगाया है।

बताया गया कि PWD की टीम राष्ट्रीय राजमार्ग-58 से जुड़े क्षेत्र में अतिक्रमण की मार्किंग करने पहुंची थी। इसके साथ ही विश्व कल्याण आश्रम और मातृ सदन आश्रम से ज्वालापुर की ओर प्रस्तावित मार्ग का चिन्हीकरण भी किया जा रहा था। इसी दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते मामला विवाद में बदल गया।

PWD के अपर सहायक अभियंता चंद्र लाल भारती ने कनखल कोतवाली में तहरीर देकर कई लोगों पर सरकारी काम में बाधा डालने, कर्मचारियों से अभद्रता और मारपीट करने का आरोप लगाया है। विभाग का आरोप है कि विरोध कर रहे लोगों ने टीम पर ईंट-पत्थर भी फेंके। घटना में चार कर्मचारियों के घायल होने की बात कही गई है।

विभाग ने यह भी आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान सरकारी डायरी, भूमि संबंधी दस्तावेज और अन्य अभिलेख छीन लिए गए। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोगों और PWD कर्मचारियों के बीच विवाद और कथित मारपीट दिखाई दे रही है।

PWD के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार ने कहा कि टीम अतिक्रमण की मार्किंग के लिए गई थी और कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, कनखल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जांच के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सम्बंधित खबरें