हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग पर हादसा, अनियंत्रित कार खाई में गिरी, चार घायल

हल्द्वानी से नैनीताल की ओर आ रही एक कार मंगलवार को ताकुला पुरानी चुंगी के पास अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, पिथौरागढ़ निवासी नवीनचंद्र भट्ट (28), कैलाश चंद्र भट्ट (66), देवीदत्त भट्ट (63) और टिहरी गढ़वाल निवासी नितेश (23) कार संख्या यूके 07 एएम 7810 से नैनीताल आ रहे थे। चालक के अनुसार, ताकुला पुरानी चुंगी के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।

स्थानीय निवासी बसंत मेहरा ने कार को खाई में गिरते देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद चारों घायलों को करीब 100 मीटर गहरी खाई से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।

एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि सभी घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी स्थिति ठीक है। उन्होंने कहा कि कार यदि कुछ फीट और नीचे चली जाती तो हादसा और गंभीर हो सकता था। समय रहते रेस्क्यू अभियान शुरू होने से सभी कार सवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

सम्बंधित खबरें