‘रुको’ कहते ही पुलिस पर बरसाईं गोलियां, जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में लगी गोली

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की स्थित बुग्गावाला थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल आरोपी के पास से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जो अमानतगढ़ फैक्ट्री फायरिंग मामले से जुड़ा बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, बुग्गावाला थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ यूपी बॉर्डर से बंजारावाला क्षेत्र की ओर देर रात गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन दोनों आरोपियों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी।

अचानक हुई फायरिंग में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद वह मौके पर ही गिर पड़ा, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने घायल आरोपी की पहचान लुकमान पुत्र गुफरान निवासी गोकुलवाला, थाना बुग्गावाला के रूप में की है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और 9 जून को अमानतगढ़ फैक्ट्री में हुई फायरिंग की घटना से संबंधित पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद किया गया।

घायल आरोपी को इलाज के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेजा गया है, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात शेखर चंद सुयाल भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि फरार आरोपी की पहचान गुलजार निवासी खेड़ी शिकोहपुर, थाना भगवानपुर के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और क्षेत्र में लगातार कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

सम्बंधित खबरें