उत्तराखंड में चली प्रमोशन और पोस्टिंग की डबल एक्सप्रेसः डेढ़ दर्जन अफसरों को मिली नई जिम्मेदारी

उत्तराखंड के शिक्षा विभाग में शासन ने बड़े स्तर पर प्रशासनिक बदलाव करते हुए डेढ़ दर्जन अधिकारियों को पदोन्नति की सौगात दी है। संयुक्त शिक्षा निदेशक के रिक्त पदों के सापेक्ष उप शिक्षा निदेशकों को पदोन्नत कर नई तैनाती दी गई है। माध्यमिक शिक्षा अनुभाग-2 की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं। विभागीय मंत्री के अनुमोदन के बाद अधिकारियों को उनके नए कार्यक्षेत्र सौंपे गए हैं।

जारी आदेश के अनुसार विजयपाल सिंह को सीमेट में विभागाध्यक्ष, चंदन सिंह बिष्ट को संयुक्त निदेशक महानिदेशालय विद्यालयी शिक्षा और आकाश सारस्वत को प्राचार्य डायट रुड़की बनाया गया है। गोविंद राम जायसवाल को संयुक्त निदेशक महानिदेशालय विद्यालयी शिक्षा के साथ प्रभारी अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

वहीं, जिलों में मुख्य शिक्षा अधिकारियों की जिम्मेदारी भी नए अधिकारियों को सौंपी गई है। जगदीश प्रसाद काला को देहरादून, सुरेश चंद्र आर्य को नैनीताल, विनय आर्य को बागेश्वर, प्रेमलाल भारती को उत्तरकाशी, पुष्कर लाल टम्टा को ऊधमसिंह नगर, चंडी प्रसाद रतूड़ी को चंपावत, अमित कोटियाल को चमोली और संजीव जोशी को हरिद्वार का मुख्य शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा मंजू भारती को प्राचार्य डायट देहरादून, श्रीकांत पुरोहित को संयुक्त निदेशक मध्याह्न भोजन, पंकज शर्मा को संयुक्त निदेशक निदेशालय माध्यमिक शिक्षा और शैलेंद्र अमोली को संयुक्त निदेशक प्रारंभिक शिक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। तरुण कुमार पंत को उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा बोर्ड में अपर सचिव बनाया गया है।

आदेश में रणजीत सिंह नेगी का नाम भी शामिल है, जिन्हें फिलहाल बाध्य प्रतीक्षा में रखा गया है। सीईओ पौड़ी के सेवानिवृत्त होने के बाद उन्हें पौड़ी जनपद की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। शासन के इस फैसले से शिक्षा विभाग में लंबे समय से रिक्त चल रहे पदों पर नियुक्तियां हो सकेंगी और प्रशासनिक कामकाज को गति मिलने की उम्मीद है।

सम्बंधित खबरें