
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी जिलों के अधिकारियों को सतर्क रहने और आपदा प्रबंधन की तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विभाग की ओर से 30 अक्टूबर के लिए जारी पूर्वानुमान के अनुसार नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और ओलावृष्टि होने की आशंका है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत जिलों में बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकारी विभागों और जिला प्रशासन के अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मौसम की मौजूदा स्थिति को देखते हुए सभी जिलों में आपदा प्रबंधन से जुड़ी तैयारियां पूरी रखी जाएं। किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि जान-माल के नुकसान को रोका जा सके।











