
हल्द्वानी। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र के 182 लाभार्थियों को बड़ी राहत मिली है। योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को मकान निर्माण के लिए दूसरी किश्त के रूप में एक-एक लाख रुपये की धनराशि ऑनलाइन उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की गई। नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी गई।
इस मौके पर मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि जिन लाभार्थियों ने पहली किश्त की धनराशि का निर्धारित मानकों के अनुसार सदुपयोग किया है, उन्हें दूसरी किश्त जारी की गई है। इसका उद्देश्य आवास निर्माण कार्य में तेजी लाना और पात्र परिवारों को जल्द पक्के मकान उपलब्ध कराना है।
मेयर ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को भी सम्मानजनक और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है। उन्होंने लाभार्थियों से अपील की कि जारी की गई धनराशि का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुसार करें और समयबद्ध तरीके से मकान निर्माण पूरा कराएं।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि में किसी बिचौलिए या स्थानीय निकाय की भूमिका नहीं है। धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से भेजी जाती है। मेयर ने सभी लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि योजना से उनके पक्के मकान का सपना साकार होगा और जीवन स्तर में सुधार आएगा।
कार्यक्रम में सामाजिक विकास अधिकारी सुरेश अधिकारी, सहायक अभियंता नवल नौटियाल, पार्षद सचिन, रवि जोशी सहित योजना के लाभार्थी मौजूद रहे।











