
उत्तराखंड में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। स्कूल में पेरेंट्स मीटिंग में शामिल होने जा रही महिला और उसकी दो बेटियों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में 34 वर्षीय मीनू देवी और उनकी छह वर्षीय बेटी अंशिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ वर्षीय दूसरी बेटी राधिका घायल हो गई।
जानकारी के मुताबिक, सितारगंज में मीनू देवी शनिवार सुबह अपनी दोनों बेटियों के साथ घर से स्कूल जाने के लिए निकली थीं। सुबह करीब 10:40 बजे तीनों सितारगंज में आरके ढाबे के पास हाईवे किनारे खड़े होकर वाहन का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान किच्छा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मां और छोटी बेटी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल राधिका को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। वहीं, मीनू देवी और अंशिका के शव कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी गई। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।











