
उत्तराखंड में कुमाऊं पुलिस के नशामुक्त अभियान के तहत किच्छा में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। परिक्षेत्रीय एसओटीएफ और कोतवाली किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 283 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक, मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान संयुक्त टीम ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर कार्रवाई की। इस दौरान अकबर पुत्र बन्ने अली, उम्र 40 वर्ष, निवासी रहमानपुर, थाना बिसारगंज, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने बरामद स्मैक को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी से पूछताछ के साथ मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अभियान में कुमाऊं रेंज एसओटीएफ प्रभारी मय टीम के साथ उपनिरीक्षक पवन जोशी, कोतवाली किच्छा और कांस्टेबल उमेद गिरी, चौकी दरऊ की टीम शामिल रही।
आईजी कुमाऊं रेंज निवेदिता कुकरेती ने कहा कि “लक्ष्य नशा मुक्त उत्तराखंड” के तहत मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के साथ युवा पीढ़ी को इसके दुष्प्रभावों से बचाना है।
उन्होंने कहा कि कुमाऊं पुलिस नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाएगी तथा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रखेगी।








