फ्लाईओवर पर खड़ी ट्रॉली बनी काल, दंपति समेत मासूम पोते ने गंवाई जान

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के श्यामपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना उस समय हुई जब एक स्कूटी सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। हादसे में नाना, नानी और उनके पांच वर्षीय पोते ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार, श्यामपुर क्षेत्र में हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की पहले एक अन्य स्कूटी से टक्कर हो गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।

इसी बीच, 52 वर्षीय वीर सिंह अपनी पत्नी 50 वर्षीय मंजू देवी और पांच वर्षीय पोते शिवा सिंह के साथ स्कूटी से हरिद्वार से अपने गांव गाजीवाली लौट रहे थे। श्यामपुर थाना क्षेत्र के फ्लाईओवर पर उनकी स्कूटी सड़क घेरकर खड़ी उसी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) अवनी तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, वीर सिंह और मंजू देवी हरकी पैड़ी क्षेत्र में दुकान चलाते थे। उनका पोता शिवा भी उनके साथ रहता था। मंगलवार रात दुकान बंद करने के बाद तीनों स्कूटी से घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि फ्लाईओवर पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण उन्हें सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाई नहीं दी और उनकी स्कूटी सीधे उसके पिछले हिस्से से टकरा गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, फ्लाईओवर पर स्ट्रीट लाइटें नहीं होने से दुर्घटना की आशंका और बढ़ गई। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) प्रशासन की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठ रहे हैं।

एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

सीओ अवनी तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

सम्बंधित खबरें