मुख्यमंत्री धामी के रोड शो में उमड़ा जनसैलाब, विकास योजनाओं का दिया संदेश

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को चमोली जिले के मुख्यालय गोपेश्वर पहुंचे। यहां उन्होंने नगर में भव्य रोड शो कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। रोड शो के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़कों के किनारे मौजूद रहे और मुख्यमंत्री का फूल-मालाओं व पुष्प वर्षा के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।

रोड शो के बाद मुख्यमंत्री धामी ने ‘सरकार जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकार के विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, पर्यटन और स्वरोजगार जैसे क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कर आम जनता को उनका सीधा लाभ उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया और अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचे तथा जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर नगर में सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए थे।

सम्बंधित खबरें