
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच उत्तराखंड में पुलिस महकमे में तबादलों का दौर तेज हो गया है। इसी क्रम में हरिद्वार जिले में पुलिस व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से 13 पुलिस निरीक्षकों और 81 उपनिरीक्षकों के तबादले किए गए हैं। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।
तबादला आदेश के तहत पुलिस लाइन में तैनात कई निरीक्षकों को विभिन्न कोतवालियों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि कुछ प्रभारी निरीक्षकों को दूसरे थानों में भेजा गया है। निरीक्षक चन्द्रभान सिंह को ज्वालापुर से नगर कोतवाली का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। अमरजीत सिंह को बहादराबाद से ज्वालापुर, केसी भट्ट को पुलिस लाइन से कनखल, नंद किशोर भट्ट को रुड़की और राजेंद्र खोलिया को कलियर भेजा गया है।
इसी तरह विनोद गुसाईं को पथरी, मनोज मैनवाल को मंगलौर, भगवान मेहर को श्यामपुर, राकेश शाह को रानीपुर, अनिरुद्ध मैठाणी को सिडकुल, संजय मिश्रा को खानपुर और कुन्दन राम आर्या को झबरेड़ा कोतवाली का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। वहीं प्रदीप रावत को पुलिस लाइन से बहादराबाद कोतवाली भेजा गया है।
गौरतलब है कि तीन दिन पहले हरिद्वार में तैनात 13 निरीक्षकों का दूसरे जिलों में तबादला किया गया था। इसके बाद कई कोतवालियों में प्रभारी निरीक्षकों के पद रिक्त हो गए थे। इन रिक्त पदों को भरने के लिए एसएसपी ने पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। निरीक्षकों के साथ ही जिले में 81 उपनिरीक्षकों और वरिष्ठ उपनिरीक्षकों के भी तबादले किए गए हैं। लंबे समय बाद पुलिस विभाग में हुए इस बड़े फेरबदल को कानून व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।










