अंकिता भंडारी केस फिर गरमाया, चैट विवाद में कार्रवाई न होने पर गांधी पार्क में धरने पर बैठा परिवार

उत्तराखंड की अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर उनके माता-पिता बुधवार को राजधानी के गांधी पार्क में धरने पर बैठ गए। अंकिता की चैट सार्वजनिक किए जाने के मामले में अब तक मुकदमा दर्ज नहीं होने से नाराज परिजनों ने यह कदम उठाया है। धरने को समर्थन देने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत समेत कांग्रेस के कई नेता भी गांधी पार्क पहुंचे और अंकिता के माता-पिता के साथ धरने पर बैठ गए।

अंकिता के माता-पिता की मांग है कि उनकी बेटी को न्याय दिलाया जाए और मामले में चर्चित कथित वीआईपी की पहचान सार्वजनिक की जाए। उन्होंने अंकिता की चैट सार्वजनिक करने के मामले में पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की मांग उठाई है। आरोप है कि कुछ दिन पहले विनोद आर्य ने हरिद्वार में अंकिता की चैट सार्वजनिक की थी। इसके बाद से ही अंकिता के माता-पिता इस मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

धरने के दौरान अंकिता की मां ने कहा कि उनकी बेटी की चैट को बढ़ा-चढ़ाकर सार्वजनिक किया गया है। यह केवल एक बेटी की लड़ाई नहीं, बल्कि न्याय की लड़ाई है। उन्होंने अंकिता के मोबाइल फोन से जुड़े पहलुओं की भी जांच कराने की मांग की। उनका कहना था कि प्रशासन को मुकदमा दर्ज कराने के लिए समय दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। जब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया जाता, उनका धरना जारी रहेगा।

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत समेत कांग्रेस नेताओं ने धरनास्थल पर पहुंचकर अंकिता के माता-पिता की मांगों का समर्थन किया और उन्हें न्याय दिलाने की मांग उठाई।

सम्बंधित खबरें