गैंगरेप कांड से चर्चा में आया त्रिशूल होमस्टे, अब बुलडोजर से ढहाए गए अवैध निर्माण

हल्द्वानी। किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले के बाद चर्चा में आए पनियाली स्थित त्रिशूल होमस्टे पर प्रशासन ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है।  प्रशासनिक टीम ने होमस्टे परिसर में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर बनाए गए किचन, स्टोर सहित अन्य निर्माणों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई से पहले संबंधित पक्ष को नोटिस जारी कर जवाब देने का मौका दिया गया था। इससे पहले प्रशासन बिना पंजीकरण होमस्टे का संचालन किए जाने पर परिसर को सील कर चुका है।

दरअसल, हल्द्वानी में नाबालिग किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में एबीवीपी के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी समेत चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। घटना के सामने आने के बाद पनियाली स्थित त्रिशूल होमस्टे भी जांच के घेरे में आ गया था।

जांच के दौरान होमस्टे के संचालन में अनियमितताएं सामने आने के बाद प्रशासन ने पहले इसे सील कर दिया था। इसके बाद परिसर में सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को चिह्नित कर संबंधित पक्ष को नोटिस जारी किया गया। नोटिस की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सोमवार को प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण वाले हिस्सों को ध्वस्त कर दिया।

प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि मामले के बाद होमस्टे के संचालन और सरकारी भूमि पर कब्जे को लेकर जांच के साथ कार्रवाई भी जारी है। किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले के बाद त्रिशूल होमस्टे पर हुई यह दूसरी बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।

सम्बंधित खबरें