गाड़ी खड़ी करने को लेकर ऐसा भड़का विवाद कि युवक ने बरसा दीं पांच गोलियां

उत्तराखंड में मामूली विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब पार्किंग को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना ऋषिकेश के हरिपुर कलां क्षेत्र की है, जहां आरोपी ने करीब पांच राउंड गोलियां चलाईं। गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना के बाद आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीड़ित पक्ष देर रात तक कोतवाली में हंगामा करता रहा। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, हरिपुर कलां क्षेत्र में गाड़ी पार्किंग को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने कथित तौर पर तमंचे या पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी ने करीब पांच राउंड गोलियां चलाईं। अचानक हुई फायरिंग से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान कुछ लोगों ने घटना का वीडियो भी अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए। वहीं, आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीड़ित पक्ष देर रात तक कोतवाली में डटा रहा।

प्रभारी कोतवाली रायवाला मोहन सिंह ने बताया कि फायरिंग के मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है।

सम्बंधित खबरें