चेकिंग के दौरान बदमाशों ने की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में गैंगस्टर रईस घायल; साथी फरार

उत्तराखंड में स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर देहरादून पुलिस की सख्ती के बीच प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। चेकिंग के दौरान बिना नंबर की बाइक सवार दो संदिग्धों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सहारनपुर का कथित गैंगस्टर रईस दोनों पैरों में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी नवाब अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक 12-13 अगस्त की देर रात प्रेमनगर पुलिस दरू चौक के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गोरखपुर चौक की ओर से काले रंग की बिना नंबर वाली मोटरसाइकिल पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और चाय बागान की ओर भाग निकले।

पुलिस टीम ने वायरलेस के जरिए आसपास के थानों को सूचना दी और पीछा शुरू किया। पितांबरपुर-बनियावाला मार्ग पर बदमाश बाइक छोड़कर चाय बागान की ओर पैदल भागने लगे। पुलिस के पीछा करने पर उन्होंने फायरिंग कर दी। इस दौरान पुलिस का सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें रईस घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

घायल रईस पुत्र नसीम सहारनपुर के खाताखेड़ी, थाना मंडी का रहने वाला है और वर्तमान में छुटमलपुर में रह रहा था। पुलिस के अनुसार उसकी उम्र करीब 26 वर्ष है। मौके से फरार उसके साथी नवाब की तलाश में पुलिस आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चला रही है।

मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, चापड़, कुल्हाड़ी, दो छुरी, नायलॉन की रस्सी और बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक बरामद की है।

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के अनुसार रईस वर्ष 2024 में प्रेमनगर क्षेत्र में हुई गौकशी की घटना में वांछित चल रहा था। पुलिस इस मामले में उसके चार साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस का दावा है कि रईस अपने साथी नवाब के साथ देहरादून आया था और टी-स्टेट व आसपास के इलाकों में आवारा गौवंश की रेकी कर गौकशी की वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था।

पुलिस के मुताबिक रईस के खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में गौकशी, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें सहारनपुर, हरिद्वार और देहरादून के मामले शामिल हैं।

पुलिस पर फायरिंग के मामले में प्रेमनगर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर देहरादून जिले में चेकिंग अभियान और तेज कर दिया गया है। अंतरराज्यीय एवं अंतरजनपदीय चेकपोस्ट के साथ ही शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के आंतरिक मार्गों पर भी संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार जांच की जा रही है।

सम्बंधित खबरें