हरिद्वार बना सियासी अखाड़ा! टिहरी जाने से पहले पुलिस बनाम नेताओं का टकराव, हंगामा

उत्तराखंड के हरिद्वार में रविवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब नई टिहरी जा रहे आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद और खानपुर विधायक उमेश कुमार के काफिले को पुलिस ने शंकराचार्य चौक पर रोक दिया। दोनों नेताओं के साथ बड़ी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता मौजूद थे।

पुलिस द्वारा काफिला रोके जाने के बाद कुछ देर तक मौके पर हंगामे की स्थिति बनी रही। इसके बाद चंद्रशेखर आजाद और विधायक उमेश कुमार अपने वाहनों से उतरकर समर्थकों के साथ पैदल ही आगे बढ़ने लगे। हालांकि, पुलिस ने उन्हें सीसीआर चौकी के पास दोबारा रोक लिया। इस दौरान इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और स्थिति पर लगातार नजर रखी गई।

दरअसल, उत्तराखंड के चर्चित केतन हत्याकांड के बाद चंद्रशेखर आजाद पीड़ित परिवार से मुलाकात करने के लिए केतन के गांव जा रहे थे। इस दौरान विधायक उमेश कुमार भी उनके साथ थे। पुलिस को पहले से कार्यक्रम की जानकारी थी, जिसके चलते शंकराचार्य चौक पर बैरिकेडिंग कर काफिले को रोक दिया गया।

मौके पर चंद्रशेखर आजाद के समर्थकों की भी बड़ी संख्या मौजूद रही। पुलिस और प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया। फिलहाल पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।

सम्बंधित खबरें