
उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाताओं के दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया 13 अगस्त को समाप्त हो जाएगी। इसके बाद नए दावे और आपत्तियां स्वीकार नहीं की जाएंगी। हालांकि, इस दौरान प्राप्त दावों और आपत्तियों पर सुनवाई की प्रक्रिया 13 सितंबर तक जारी रहेगी।
SIR के तहत प्रदेशभर में मतदाता सूची से जुड़ी विसंगतियों को दूर करने के लिए सुनवाई चल रही है। इसके साथ ही नए मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और मतदाता सूची में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरवाए जा रहे हैं। वहीं, दावे और आपत्तियों से संबंधित फॉर्म-9, 10 और 11 भी जमा किए जा रहे हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, प्रदेश में अब तक करीब 70 हजार आपत्तियां प्राप्त हो चुकी हैं। इसके अलावा नए मतदाता बनने के लिए भी बड़ी संख्या में आवेदन मिले हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि 13 अगस्त तक नए मतदाता बनने के लिए आवेदन करने वालों के नाम SIR प्रक्रिया के दौरान ही मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। इसके बाद प्राप्त आवेदनों पर SIR की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विचार किया जाएगा।
SIR के तहत पहाड़ी जिलों की तुलना में प्रदेश के मैदानी जिलों में अधिक आपत्तियां सामने आ रही हैं। विशेष रूप से ऊधमसिंह नगर जिले की जसपुर और काशीपुर समेत कई विधानसभा क्षेत्रों में बड़ी संख्या में आपत्तियां दर्ज की गई हैं।
प्राप्त आपत्तियों के आधार पर संबंधित मतदाताओं को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। इसके बाद निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) मामले की सुनवाई कर निर्णय लेंगे। अधिकारियों के मुताबिक, यदि किसी एक व्यक्ति के नाम पर पांच से अधिक आपत्तियां प्राप्त होती हैं तो उसकी अलग से जांच कराई जाएगी।









