सड़क हादसे से मातम, घर के बाहर खेल रही दो बहनों पर चढ़ी कार, एक की मौत

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के श्यामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंडीघाट बस्ती में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने घर के बाहर खेल रही दो मासूम बहनों को कुचल दिया। हादसे में तीन वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पांच वर्षीय बड़ी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई।

जानकारी के अनुसार, राजकिशोर की बेटियां अनिता (5) और सरिता (3) सुबह घर के बाहर सड़क किनारे खेल रही थीं। इसी दौरान नमामि गंगे घाट की ओर से तेज गति से आ रही एक कार ने नियंत्रण खोते हुए दोनों बच्चियों को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल तीन वर्षीय सरिता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, पांच वर्षीय अनिता को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

हादसे के बाद कार चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह तेज रफ्तार में गाड़ी लेकर भाग निकला।

घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। माता-पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, और हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

श्यामपुर सीओ अवनी तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चियों को अस्पताल भिजवाया गया। डॉक्टरों ने तीन वर्षीय बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी चालक की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सम्बंधित खबरें