विश्व आयुर्वेद दिवस पर पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम का शुभारंभ

उत्तराखंड में विश्व आयुर्वेद दिवस के अवसर पर पतंजलि वेलनेस योगग्राम में पहले पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुकुलम का उद्घाटन किया। हरिद्वार में आयोजित इस कार्यक्रम में योग गुरु एवं पतंजलि के संस्थापक स्वामी रामदेव भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि विश्व आयुर्वेद दिवस के अवसर पर गुरुकुलम का उद्घाटन होना बेहद शुभ है। उन्होंने कहा कि पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम की शुरुआत भारतीय परंपराओं, आयुर्वेद और योग की समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि योग को दुनिया और घर-घर तक पहुंचाने के लिए जिन लोगों ने प्रयास किए, उनसे प्रेरणा लेते हुए भारतीय ज्ञान और परंपराओं को भी जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने जिन परंपराओं और जीवन पद्धतियों को अपनाया, उन्हें संरक्षित करते हुए नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना भी की। मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित पूजा में उन्होंने प्रदेशवासियों के स्वास्थ्य, सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

पतंजलि गुरुकुलम के अनुसार, संस्थान भारतीय शिक्षा बोर्ड से संबद्ध है। यहां पारंपरिक वैदिक शिक्षा के साथ आधुनिक शिक्षा को भी शामिल किया गया है। संस्थान की वेबसाइट के मुताबिक, हरिद्वार स्थित गुरुकुलम में कक्षा चार से 12वीं तक की पढ़ाई का प्रावधान है।

उद्घाटन कार्यक्रम में भारतीय शिक्षा और आयुर्वेद से जुड़ी परंपराओं को आगे बढ़ाने तथा इन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

सम्बंधित खबरें