बुजुर्ग की उंगली से 1 लाख की अंगूठी झपटी, जांच में खुला 60 साल के शातिर का पूरा खेल!

हल्द्वानी। मुखानी थाना पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत वरिष्ठ नागरिक से हुई झपटमारी की घटना का खुलासा करते हुए 60 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से झपटी गई करीब एक लाख रुपये कीमत की सोने की अंगूठी और वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की स्कूटी बरामद की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में लूट, झपटमारी व धोखाधड़ी समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक, भूमिया बिहार आई-4, कुसुमखेड़ा निवासी महेंद्र चंद तिवारी ने 10 अगस्त को मुखानी थाने में तहरीर देकर बताया था कि 8 अगस्त को एक अज्ञात व्यक्ति उनके हाथ से करीब 6-7 ग्राम वजन की सोने की अंगूठी झपटकर फरार हो गया। तहरीर के आधार पर थाना मुखानी में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल के पर्यवेक्षण और मुखानी थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध दिखाई देने के बाद उसकी तलाश के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया।

इसी बीच 11 अगस्त को पुलिस टीम संदिग्ध की तलाश में जुटी थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मुखानी थाना क्षेत्र से एक व्यक्ति को बिना नंबर की स्कूटी के साथ गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से झपटमारी की गई पीली धातु की अंगूठी बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विनोद शर्मा पुत्र स्वर्गीय संपूर्णानंद शर्मा, निवासी मोहल्ला गोजानी, रामनगर, नैनीताल, उम्र 60 वर्ष बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार विनोद शर्मा शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में लूट, धोखाधड़ी और झपटमारी से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास में पंतनगर थाने में वर्ष 2022 में धारा 392/411 आईपीसी, क्लेमेंटटाउन देहरादून में वर्ष 2016 में धारा 170/171/420 आईपीसी, मुखानी थाने में वर्ष 2021 में धारा 406/420 आईपीसी, बाजपुर थाने में वर्ष 2026 में धारा 304(2)/317(2) बीएनएस तथा बिजनौर के स्योहारा थाने में वर्ष 2017 में धारा 406/420 आईपीसी के मुकदमे शामिल हैं। पुलिस उसके अन्य राज्यों और जनपदों में दर्ज आपराधिक मामलों की भी जानकारी जुटा रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में मुखानी थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी, उप निरीक्षक वीरेंद्र चंद, उप निरीक्षक अविनाश मौर्य, कांस्टेबल धीरज सुगड़ा, कांस्टेबल रोहित कुमार और कांस्टेबल राजेश जोशी शामिल रहे।

सम्बंधित खबरें