पुलिस की घेराबंदी देख बदमाशों ने की फायरिंगः जवाबी गोलियों में एक ढेर, दूसरा जंगल में गायब

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के दौलतपुर जंगल में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान मुदस्सिर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, दोनों बदमाश बाइक मैकेनिक हैप्पी हत्याकांड से जुड़े बताए जा रहे हैं।

पुलिस को देर रात सूचना मिली थी कि दौलतपुर के जंगल में दो बाइक सवार संदिग्ध बदमाश मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश को गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा, जबकि दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया। पुलिस ने घायल मुदस्सिर को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस की टीमें फरार बदमाश की तलाश में जंगल और आसपास के क्षेत्र में कांबिंग कर रही हैं। मुठभेड़ की सूचना पर एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर भी मौके पर पहुंचे। बाद में उन्होंने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपी से पूछताछ की और अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

बताया गया कि 14 सितंबर को बहादराबाद क्षेत्र में बाइक मैकेनिक हैप्पी पुत्र राजकुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हैप्पी अपनी दुकान पर काम कर रहा था, तभी बाइक सवार दो बदमाश दुकान में घुसे और उसे गोली मारकर फरार हो गए थे। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था और भीम आर्मी ने बहादराबाद कोतवाली का घेराव भी किया था।

इसके बाद पुलिस ने हत्याकांड के आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी। बहादराबाद कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। इसी दौरान देर रात पुलिस को दौलतपुर जंगल में संदिग्ध बदमाशों की मौजूदगी की सूचना मिली और घेराबंदी के दौरान मुठभेड़ हो गई।

बहादराबाद कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उससे उसके फरार साथी और हैप्पी हत्याकांड में दोनों की भूमिका के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए जंगल और आसपास के इलाकों में तलाश जारी है।

सम्बंधित खबरें