
उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की में शुक्रवार देर रात बाइक सवार दो बदमाशों ने शराब कैंटीन संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वहीं, घटना से आक्रोशित लोगों ने सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचकर हंगामा करते हुए पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
जानकारी के अनुसार, ढंडेरा निवासी अमन शराब की कैंटीन संचालित करते थे। शुक्रवार देर रात वह कैंटीन बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे दो बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से अमन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल अमन को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। आरोपियों की तलाश में आसपास के क्षेत्र में कांबिंग अभियान भी चलाया गया, लेकिन देर रात तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे पुरानी रंजिश से जोड़कर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।








