हल्द्वानी में परीक्षा दे रही छात्राओं में अचानक मची दहशत, रोने लगीं छात्राएं और कर दी गई छुट्टी

हल्द्वानी में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। इंटर कॉलेज में सोमवार को यूनिट टेस्ट के दौरान अचानक छात्राओं में दहशत फैल गई। कुछ छात्राओं की तबीयत बिगड़ने के बाद एक छात्रा के चीखने-चिल्लाने से स्थिति बिगड़ गई और देखते ही देखते स्कूल में भूत-प्रेत की अफवाह फैल गई।

बताया गया कि  बनभूलपुरा क्षेत्र के ललित महिला इंटर कॉलेज में कक्षा 10वीं और 11वीं की कुछ छात्राओं ने परीक्षा के दौरान चक्कर आने और अस्वस्थ महसूस होने की शिकायत की। इसी बीच एक छात्रा के जोर-जोर से चीखने पर आसपास मौजूद छात्राएं घबरा गईं। कई छात्राएं डर के कारण रोने लगीं और परीक्षा कक्षों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर छात्राओं को समझाया और उन्हें शांत कराया। हालांकि अफवाह के चलते छात्राओं में काफी देर तक डर का माहौल बना रहा। स्थिति को सामान्य करने के बाद स्कूल प्रशासन ने एहतियात के तौर पर छुट्टी घोषित कर दी।

स्कूल प्रवक्ता नीलम ने बताया कि कुछ छात्राओं की तबीयत खराब होने की शिकायत मिली थी। इसके बाद छात्राओं में डर फैल गया और भूत-प्रेत से जुड़ी अफवाह सामने आई। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई है और भूत-प्रेत की बात महज अफवाह है।

सम्बंधित खबरें