मारपीट में पर्यटकों ने रिसॉर्ट संचालक पर चलाई गोली, घायल

नैनीताल। थर्टी फर्स्ट के जश्न के बीच पर्यटकों और व्यवसा‌इयों के बीच विवाद के मामले सामने आने लगे हैं। ऐसा ही मामला नैनीताल के घटगढ़ में सामने आया है। यहां वाहन ओवरटेक करने को लेकर पर्यटकों और रिसॉर्ट संचालक में विवाद मारपीट तक पहुंच गया। इस बीच पर्यटकों ने गोली चला दी। जिससे रिसॉर्ट संचालक घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी जुटाई है।

जानकारी के अनुसार यह घटना शुक्रवार देर रात घटगढ़ क्षेत्र में हुई। यहां गाड़ी ओवरटेक करने को लेकर हरियाणा से आए पर्यटकों व स्थानीय रिसॉर्ट संचालक के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ा तो दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट के दौरान हरियाणा निवासी पर्यटक ने अपनी रिवाल्वर निकालकर रिसॉर्ट संचालक पर फायर कर दी।

इस दौरान रिसॉर्ट संचालक अरविंद कुमार के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। जिसके बाद पुलिस व अन्य लोगों ने घायल को हल्द्वानी भेजा। इस दौरान पर्यटक भी घायल हुए हैं, जिनका हल्द्वानी में उपचार चल रहा है। मामले में एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्रा ने बताया कि फिलहाल घायलों का उपचार किया जा रहा है। अन्य लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है।

सम्बंधित खबरें