किराये के मकान को लेकर हंगामा, युवकों और युवतियों की मौजूदगी पर विवाद

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के सुद्धोवाला इलाके में बुधवार को उस समय हंगामा हो गया जब एक किराये के मकान में तीन युवकों और दो युवतियों के साथ रहने की सूचना पर स्थानीय लोगों और कुछ सामाजिक संगठनों ने आपत्ति जताई।

सूचना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही प्रेमनगर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने तीनों युवकों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया, जबकि युवतियों से भी आवश्यक जानकारी ली गई।

पुलिस के अनुसार, सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और मामले से जुड़े तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।

पूछताछ के दौरान युवकों ने अपनी पहचान आकिब (गुरुग्राम), कबीर (मुरादाबाद) और एल्फेंस (ऊधमसिंहनगर) के रूप में बताई। वहीं, युवतियों ने स्वयं को हल्द्वानी और चमोली की निवासी बताया है। बताया जा रहा है कि सभी छात्र हैं।

इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिसमें कई दावे किए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वायरल वीडियो और उसमें किए गए दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मकान और मोबाइल फोन से जुड़े सभी दावों की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों और अपुष्ट जानकारी पर ध्यान न दें तथा शांति बनाए रखें। मामले की जांच जारी है।

सम्बंधित खबरें