दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर सड़क धंसने के मामले में NHAI का एक्शन, दो अधिकारी सस्पेंड

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर सड़क धंसने की घटना के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने कड़ा कदम उठाया है। NHAI ने टीम लीडर और प्रोजेक्ट मैनेजर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, जबकि निर्माण कार्य से जुड़ी सीपीसी कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है।

यह घटना गुरुवार को मेरठ-करनाल हाईवे पर खेड़ा मस्तान गांव के पास हुई थी, जहां बारिश के कारण सड़क का हिस्सा बीच से धंस गया। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक कार गड्ढे में फंसकर क्षतिग्रस्त हो गई। घटना का वीडियो पीड़ित द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किया गया, जिसके बाद मामला तेजी से सुर्खियों में आ गया।

वीडियो वायरल होने के बाद NHAI ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मौके पर मरम्मत कार्य शुरू कराया और सड़क को दुरुस्त किया। फिलहाल प्रभावित हिस्से पर यातायात सामान्य कर दिया गया है, हालांकि जल निकासी प्रणाली की मरम्मत का काम अभी जारी है। इसके लिए अस्थायी नाली भी बनाई गई है ताकि जलभराव की समस्या न हो।

NHAI ने कार्रवाई करते हुए टीम लीडर का काम देख रहे कुलदीप राजदान और ठेकेदार के प्रोजेक्ट मैनेजर नागेंद्र पाल सिंह को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही चैतन्य प्रोजेक्ट्स कंसल्टेंसी (CPC) प्राइवेट लिमिटेड को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर नरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में जांच जारी है और आगे भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

सम्बंधित खबरें