नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 91.16 ग्राम हेरोइन के साथ आरोपी गिरफ्तार

उत्तराखंड में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुमाऊं पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऊधमसिंहनगर जिले के किच्छा क्षेत्र से एक व्यक्ति को 91.16 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र के निर्देशन में परिक्षेत्रीय एसओटीएफ और कोतवाली किच्छा की लालपुर चौकी पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। 7 जुलाई की देर शाम गुरुद्वारे वाली गली, लालपुर में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। इस दौरान उसके कब्जे से 91.16 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मलकीत सिंह (38) पुत्र सोहन सिंह निवासी गुरुद्वारे वाली गली, लालपुर, थाना किच्छा, जनपद ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर कोतवाली किच्छा में मुकदमा अपराध संख्या 248/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में नामजद रहा है। उसके खिलाफ कोतवाली किच्छा में पहले से दो मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/21 और 29 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि प्रदेश में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सम्बंधित खबरें