
उत्तराखंड के विकासनगर क्षेत्र में गुरुवार को निहंगों की प्रस्तावित बैठक को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। हिमाचल प्रदेश से लगते कुल्हाल बॉर्डर क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
संभावित भीड़ और सुरक्षा स्थिति को ध्यान में रखते हुए पुलिस के साथ-साथ आईटीबीपी के जवानों को भी बड़ी संख्या में तैनात किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निहंगों को हिमाचल सीमा से उत्तराखंड में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और उन्हें बॉर्डर पर ही रोका जाएगा।
स्थिति पर नजर रखने के लिए वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। इनमें एसपी देहात पंकज गैरोला और कोतवाली विकासनगर के प्रभारी राजीव रौथाण सहित कई पुलिस अधिकारी शामिल हैं।
इसके अलावा डाकपत्थर पुल पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। यह पुल हिमाचल क्षेत्र को उत्तराखंड से जोड़ता है, जहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो। प्रशासन का कहना है कि पूरे क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।








