
उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के पथरी थाना क्षेत्र के नसीरपुर कलां में सड़क दुर्घटना के बाद हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ग्राम प्रधान के पति समेत पांच लोगों पर स्कूटी सवार चाचा-भतीजे के साथ मारपीट, जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, नसीरपुर कलां निवासी अजय ने शिकायत में बताया कि 30 जुलाई की शाम वह अपने भतीजे कार्तिक के साथ स्कूटी से बादशाहपुर अड्डे की ओर जा रहे थे। आरोप है कि कार्तिक तिराहे के पास स्थित बड़ी मस्जिद के समीप सामने से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही एक काली स्कॉर्पियो ने उनकी स्कूटी को साइड से टक्कर मार दी।
अजय का आरोप है कि जब उन्होंने कार चालक से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की बात कही तो वाहन से उतरे ग्राम प्रधान के पति साजिद अंसारी, जुल्फिकार और मोहब्बत ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि तीनों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए चाचा-भतीजे पर हमला कर दिया।
पीड़ित के मुताबिक, विवाद के दौरान गुलजार और सादिक भी लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए और दोनों के साथ मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर आसपास मौजूद मुस्तफा, तसलीम और नीरज मौके पर पहुंचे तथा बीच-बचाव कर दोनों को आरोपितों से छुड़ाया।
अजय का आरोप है कि जाते समय आरोपितों ने दोबारा जातिसूचक शब्द कहे और भविष्य में सामने आने पर वाहन से कुचलकर जान से मारने की धमकी दी।
पथरी थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्रधान प्रतिनिधि साजिद अंसारी समेत पांच नामजद आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








