
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचकर दृष्टिबाधित बच्चों के साथ समय बिताया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा और उनसे बातचीत कर उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली।
बच्चों के बीच जन्मदिन मनाते हुए मुख्यमंत्री धामी भावुक नजर आए। बच्चों की मासूम मुस्कान, आत्मविश्वास और अपनापन देखकर उन्होंने कहा कि जन्मदिन के अवसर पर इन बच्चों के साथ समय बिताना उनके लिए बेहद खास और अविस्मरणीय अनुभव है। उन्होंने कहा कि इन बच्चों के साथ बिताए पलों से बढ़कर उनके लिए कोई और उपहार नहीं हो सकता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिव्यांग बच्चे प्रतिभा, साहस और सपनों के मामले में किसी से पीछे नहीं हैं। उन्हें केवल उचित अवसर, प्रोत्साहन और सहयोग की जरूरत है। सरकार और समाज की जिम्मेदारी है कि उनकी क्षमताओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने बच्चों से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।









