
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के विकासनगर-त्यूणी क्षेत्र में रविवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। टियूटाड के पास एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक के मौके पर नहीं मिलने से पुलिस की जांच और गंभीर हो गई है।
जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन संख्या UK07-CB-6002 टियूटाड से त्यूणी की ओर जा रहा था। टियूटाड के समीप अचानक वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को दी। इसके बाद थानाध्यक्ष कुलदीप शाह के नेतृत्व में त्यूणी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया।
रेस्क्यू के दौरान खाई से दो लोगों को बाहर निकाला गया। इनमें खजान लाल (40) पुत्र दुर्भी लाल, निवासी ग्राम सुनकडी, पोस्ट सांकरी, थाना मोरी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं रविन लाल (34) पुत्र रकमू लाल, निवासी ग्राम सुचाणू, पोस्ट नेटवाड़, तहसील मोरी गंभीर रूप से घायल मिला, जिसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूणी भेजा गया।
हादसे के बाद वाहन मालिक के बयान से मामला पेचीदा हो गया है। वाहन मालिक का कहना है कि मृतक और घायल दोनों ही वाहन चालक नहीं हैं। वहीं वाहन चालक का मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। पुलिस को आशंका है कि हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया हो। त्यूणी थाना पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर चालक की तलाश में जुटी है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और शव के पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।









