
उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की कार्रवाई लगातार जारी है। रुद्रप्रयाग जिला अस्पताल में तैनात ऑर्थोपेडिक सर्जन को विजिलेंस टीम ने पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि डॉक्टर ने एक व्यक्ति से दिव्यांगता प्रमाणपत्र बनाने के एवज में रिश्वत की मांग की थी।
जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति ने डॉक्टर द्वारा रिश्वत मांगे जाने की शिकायत विजिलेंस से की थी। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले की जांच की और शिकायत की पुष्टि के बाद मंगलवार को जिला अस्पताल में ट्रैप की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान शिकायतकर्ता ने डॉक्टर को पांच हजार रुपये दिए। इसी समय विजिलेंस टीम ने डॉक्टर को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम ने आरोपी डॉक्टर के आवास पर भी छापेमारी की।
विजिलेंस टीम आरोपी डॉक्टर के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार डॉक्टर को पूछताछ और अग्रिम कार्रवाई के लिए देहरादून लाया जाएगा। मामले में विजिलेंस की जांच जारी है।









