
हल्द्वानी: चोरगलिया में भाजपा संगठन की महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की। नंधौरगढ़ पैलेस रिजॉर्ट में आयोजित भाजपा कुमाऊं मंडल के जिला अध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों की बैठक में संगठन को मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और प्रदेश में चल रहे शुद्धिकरण विवाद को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।
बैठक में पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कुमाऊं मंडल के जिला और मंडल अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी रणनीति पर चर्चा की।
बैठक से पहले मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री धामी ने शुद्धिकरण मामले को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में विभाजनकारी नैरेटिव स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जाति का कार्ड खेलकर समाज को बांटने का प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड ने हमेशा सभी वर्गों और समुदायों को अपनाया है, इसलिए यहां जाति और वर्ग के आधार पर विभाजन की राजनीति नहीं चल सकती।
मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी रामलीला मैदान में कथित तौर पर लगाए गए धार्मिक उन्माद वाले नारों और वहां गंदगी किए जाने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इसके विरोध में कुछ स्वयंसेवी संगठनों के लोगों ने स्थल का शुद्धिकरण किया। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस की राजनीति पर उन्होंने सवाल उठाए।
सीएम धामी ने कांग्रेस के डॉ. भीमराव आंबेडकर, बाबू जगजीवन राम और सीताराम केसरी के साथ व्यवहार का मुद्दा उठाते हुए भी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने राजनीतिक इतिहास पर विचार करना चाहिए।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उनकी भाषा से उनके मन में चल रही सोच का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने राहुल गांधी के सलाहकारों और कांग्रेस की कार्यशैली पर भी तीखी टिप्पणी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की इस तरह की राजनीति उसकी हताशा और निराशा को दर्शाती है।
महिलाओं के मुद्दे पर भी मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सोच के कारण मोदी सरकार में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण मिलने में देरी हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है।









