पहले बहन और प्रेमी को मारी गोली, फिर 4 दिन रहा फरारः एनकाउंटर के बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के झबरेड़ी कलां गांव में चार दिन पहले हुए दोहरे हत्याकांड के आरोपी अमन को झबरेड़ा थाना पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपनी सगी बहन और उसके प्रेमी सूरज उर्फ मुन्ना की गोली मारकर हत्या कर दी थी और वारदात के बाद फरार हो गया था। पुलिस से हुई मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से अमन घायल हो गया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 26 सितंबर को झबरेड़ी कलां गांव में अमन ने अपनी बहन और पड़ोस में रहने वाले सूरज उर्फ मुन्ना को गोली मार दी थी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। दोहरे हत्याकांड के बाद आरोपी फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर पुलिस की टीम लगातार तलाश में जुटी थी।

एसपी देहात अभय प्रताप सिंह के अनुसार, बीती रात पुलिस टीम को अमन के क्षेत्र में होने की सूचना मिली। इसके बाद झबरेड़ा क्षेत्र में उसकी तलाश करते हुए पुलिस ने घेराबंदी शुरू की। पुलिस का दावा है कि घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अमन के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में अमन ने बताया कि वह अपनी बहन के प्रेम प्रसंग से नाराज था। उसके अनुसार, इस मामले को लेकर गांव में उसे कथित तौर पर ताने सुनने पड़ते थे। उसने कई बार अपनी बहन और सूरज को समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों नहीं माने। पुलिस के मुताबिक, इसी नाराजगी के चलते उसने दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी।

डबल मर्डर की वारदात के बाद से अमन फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। एसपी देहात समेत पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। आखिरकार वारदात के चौथे दिन पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

सम्बंधित खबरें